नूंह। जिले में दिन प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। आए दिन कोरोना संक्रमित आने से स्वास्थ्य विभाग की टीम की चिंता को बढ़ा दिया है।
सोमवार को नूंह जिले में एक साथ 11 नए कोरोना संक्रमित आए। इनमें 6 शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज के अलावा नूंह, फिरोजपुर झिरका, सुनारी, उमरा व तावडू में एक-एक संक्रमित आए। रविवार को 14 संक्रमित आए। अब जिले में कुल 68 सक्रिय कोरोना मरीज है। इनमें से शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज व जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा में दो-दो मरीज भर्ती हैं, जबकि 64 संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा होम आइसोलेशन में रखा गया है। अभी तक कोरोना के जिले में 5097 संक्रमित आए है इनमें से 4906 लोग स्वस्थ हो चुके हैं 123 लोगों की मौत हुई है। हर दिन जिले में कोरोना के औसतन 893 लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं अभी भी 5124 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। उपायुक्त शक्ति सिंह, सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र यादव व जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बसंत दूबे ने बताया कि कोरोना के प्रकोप से निपटने के लिए हर व्यक्ति को सावधानी बरतनी होगी। जिन लोगों का अभी टीकाकरण नहीं हुआ है वह अपना टीकाकरण भी करा लें। जिले में कोरोना का पॉजिटिव रेट 1.15 प्रतिशत है जबकि रिकवरी रेट 97.53 प्रतिशत है ऐसे में लोग सावधानी बरतते रहे। उन्होंने कहा कि बढ़ते संक्रमण को हमें हल्के में नहीं लेना चाहिए। वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में कोरोना का तेजी से प्रकोप फैल रहा है। नूंह भी इन जिलों के साथ लगता है इसलिए यहां के लोगों को भी सावधानी बरतनी होगी ताकि भविष्य में संक्रमण के प्रभाव को कम किया जा सके।