गाजियाबाद। महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम शुक्रवार को खिलाड़ियों की ऊर्जा और जज्बे से सराबोर रहा। यहां आयोजित जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। ट्रायल्स के बाद जिले के 10 खिलाड़ी मेरठ मंडल स्तरीय ट्रायल्स के लिए चयनित किए गए। चयन सूची में शामिल खिलाड़ियों में यशराज सिंह, विकास पायल, अभिषेक भदौरिया, प्रयाग सिंह, आर्यन कुमार, संचित सिंह, प्रैन्स त्यागी, वीर राम, आदित्य तिवारी और प्रियांशु भाटी के नाम शामिल हैं। अब ये सभी खिलाड़ी चार अक्तूबर को सुबह 10 बजे मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मंडल स्तरीय ट्रायल्स में हिस्सा लेंगे।
खेल अधिकारी अभिषेक कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा हमारे जिले के खिलाड़ी हमेशा से ही खेलों में शानदार प्रदर्शन करते आए हैं। इस बार भी उम्मीद है कि ये युवा मंडल ही नहीं बल्कि राज्य स्तर पर भी गाजियाबाद का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से उनके परिजनों और कोच में भी खुशी की लहर है। मैदान में खिलाड़ियों की मेहनत और संघर्ष ने एक बार फिर साबित कर दिया कि गाजियाबाद खेल प्रतिभाओं की धरती है।