सिरसा। बारिश के बाद अब सितंबर में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह व रात के समय में ठंड और औस पड़ रही है। वहीं, दोपहर के समय तापमान 35 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। ऐसे में बुजुर्गों और बच्चों की लापरवाही भी उन पर भारी पड़ रही है। मौजूद समय में नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 100 के ज्यादा मरीज वायरल के चलते उपचार करवाने के लिए आ रहे हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ के पास कुल ओपीडी में आधे मरीज वायरल चपेट में आने से आ रहे हैं। इसको देखते हुए चिकित्सक भी मरीजों को दवा के साथ परहेज व सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। शुक्रवार को जिले में दिन का तापमान 36 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया है। दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री के अंतर के चलते मौसम में रात ठंडी रहती है।
दिन में तापमान अधिकतम होने से गर्मी के चलते व मौसम में हो रहे बदलाव के कारण आमजन इन दिनों में वायरल की चपेट में अधिक आ रहे हैं। ऐसे में युवाओं के साथ छोटे बच्चे व बुजुर्ग भी वायरल की चपेट में आ रहे हैं, जिससे मरीजों में खांसी, जुकाम, गला दर्द, वायरल बुखार के मरीज शामिल हैं।
छाती रोग विशेषज्ञ व ईएनटी के पास 200 की ओपीडी रही
छाती रोग विशेषज्ञ व ईएनटी के पास 200 के करीब की ओपीडी रही, जिसमें अधिकतर मरीज वायरल की चपेट में आने वाले रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ के पास भी शुक्रवार को 90 के करीब की ओपीडी रही है, जिसमें 50 के करीब मरीज वायरल चपेट में आने वाले हैं। इनमें से तबीयत ज्यादा खराब होने के चलते 20 के करीब मरीजों को भर्ती भी किया गया है। पहले जहां नागरिक अस्पताल में 800 के करीब मरीज दवा लेने के लिए आते थे। इन दिनों में नागरिक अस्पताल में 1100 के करीब मरीज दवा लेने के लिए पहुंच रहे हैं। नागरिक अस्पताल में ज्यादातर मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, गला दर्द, और वायरल के पहुंच रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जिले में दो दिन तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा, मौसम में हल्के बादल छाए रहेंगे। वहीं आने वाले दो दिन बाद मौसम में गहरे बादल छाने से तीन दिन तक बारिश के आसार बनेंगे।
मौसम के तापमान में काफी उतार-चढ़ाव हो रहा है। दिन और रात के तापमान में भी काफी अंतर है, जो लोगों को बीमार कर रहा है। एक से पांच साल के बच्चे इसकी चपेट में ज्यादा आ रहे हैं। बीमारियों से बचने के लिए परहेज जरूरी है। खाने- पीने के चीजों में ज्यादा ठंडा न लें। कपड़े पहनने में भी सावधानी बरतें। बुखार और अन्य समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह लें। - डॉ. सूर्यांश कंबोज, बाल रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल।