ग्रेटर नोएडा के ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) कहे जाने वाले छह गांवों में सहमति नहीं बन पाने की वजह से बिजली ट्रांसफर का मामला अधर में अटक गया है।
यूपीपीसीएल और एनपीसीएल तैयार है, प्राधिकरण ने भी मोहर लगा दी है, लेकिन ग्रामीणों के विरोध की वजह से काम रुक गया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में छह गांवों के लोगों ने तीन दिन पहले बिजली ट्रांसफर के विरोध में गौर सिटी गोल चक्कर पर चक्का जाम किया था।
इसके बाद भी मामला सुलझने की जगह और उलझता जा रहा है। यूपीपीसीएल के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि क्षेत्रफल के अनुसार ही बिजली की आपूर्ति हो सकती है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कहने पर अस्थाई व्यवस्था की गई, जिसे अब बदला जाना है।
वहीं, यह भी कहा जा रहा है कि नोएडा ने एक विकल्प और सुझाया है। जिसमें दो गांवों में यूपीपीसीएल द्वारा आपूर्ति करने व चार गांवों में एनपीसीएल द्वारा आपूर्ति करने की बात कही गई है। लेकिन गांवों में सहमति नहीं बनने के चलते समस्या बढ़ गई है।