स्कूल स्तर पर खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशने वाली छात्रवृत्ति स्पीड (स्पोर्ट्स फिजिकल एक्सरसाइज इवेल्यूएशन एंड डिवेलपमेंट) के लिए हरियाणा खेल विभाग ने आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया है।
जिला खेल अधिकारी को इस बाबत विभाग की ओर से एक पत्र मिला है, जिसमें लिखा है कि स्पीड टेस्ट पास करने वाले खिलाड़ियों को बिना आधार कार्ड के छात्रवृत्ति नहीं दी जाएगी।
इसलिए जिन खिलाड़ियों का आधार कार्ड नहीं है वह जल्द ही अपना आधार कार्ड बनवा लें। क्योंकि अब छात्रवृत्ति सीधी बैक एकाउंट के माध्यम से दी जाएगी।
गौरतलब है कि यह टेस्ट दो आयु वर्ग में लिया जाता है। इसमें 8 से 14 आयु वर्ग के खिलाड़ी को दो हजार और 15 से 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को तीन हजार रुपये की छात्रवृत्ति टेस्ट पास करने पर खेल विभाग की ओर से दी जाती है।
खेल नीति 2015 के अनुसार इस छात्रवृत्ति में बहुत से बदलाव किए गए। स्पैट में अब तक तीन चरण स्कूल, जिला और जोनल स्तर पर ट्रायल देना होता था, लेकिन 2015 में खिलाड़ियों को चौथे चरण से भी गुजरना पड़ेगा।
यहां छात्रवृत्ति के लिए खिलाड़ी तीसरे चरण में प्रवेश कर चुके है। यह ट्रायल गुड़गांव के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 10 से 17 अप्रैल तक होगा। इसमें फरीदाबाद जिले के 177 खिलाड़ी 15 अप्रैल को दमखम दिखाएंगे।
जिन्हें 30 मीटर फ्लाइंग, 6 गुणा 10 शटल दौड़, फारवर्ड बेंड एंड रीच, स्टैंडिंग बोर्ड जंप, मेडिसिन बॉल पुट और 800 मीटर की दौड़ से गुजरना होगा।
यह स्तर पार करने के बाद खिलाड़ी को अपने रुचि के अनुसार खेल का टेस्ट देना होगा। इसके बाद खिलाड़ी को बैंक के माध्यम से हर महीने छात्रवृत्ति मिलेगी।