मृतक डॉ. ओम प्रकाश कुकरेजा और महिला सुतापा मुखर्जी (इनसेट)
- फोटो : अमर उजाला
रोहिणी सेक्टर-15 स्थित निर्वाण अस्पताल के मालिक और उनकी एडमिन इंचार्ज महिला का शव बुधवार सुबह कार से बरामद हुआ। मृतकों की शिनाख्त डॉ. ओम प्रकाश कुकरेजा (62) और महिला सुतापा मुखर्जी (51) के रूप में हुई है। सुतापा के सीने और डॉ. कुकरेजा के सिर में गोली लगी हुई है। डॉ. कुकरेजा के अपार्टमेंट से चंद कदमों की दूरी पर खड़ी उनकी फोक्सवैगन वेंटो कार का लॉक अंदर से बंद था।
पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर शवों को बाहर निकला। शुरूआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि डॉ. कुकरेजा ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से सुतापा के सीने में गोली मारकर उनकी हत्या की। बाद में उन्होंने कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। शुरूआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि डॉ. कुकरेजा और सुतापा के बीच नजदीकियां थीं, लेकिन ऐसा क्या हुआ कि डॉ. कुकरेजा ने सुतापा की हत्या कर खुदकुशी कर ली। पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस प्रॉपर्टी एंगल समेत सभी दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन कर रही है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त एसडी मिश्रा ने बताया कि डॉ. ओम प्रकाश कुकरेजा परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-13 स्थित रंग रसायन अपार्टमेंट में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा अखिल कुकरेजा उर्फ सन्नी और एक बेटी गुड़िया है। ईएनटी डॉक्टर अखिल अपनी पत्नी के साथ देहरादून के अस्पताल में प्रेक्टिस करते हैं। इनकी पत्नी भी डॉक्टर हैं। डॉ. कुकरेजा की बेटी डॉ. गुड़िया डेंटिस्ट और इंटीरियर डिजाइनर है। वह परिवार के साथ दिल्ली यमुना विहार में रहती है।
डॉ. ओमप्रकाश कुकरेजा का रोहिणी सेक्टर-15 में निर्माण अस्पताल व मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल है। शुगर की वजह से डॉ. कुकरेजा की पत्नी को दिखाई देना बंद हो गया है। वहीं सुतापा अपने पति आशीष मुखर्जी के साथ रोहिणी सेक्टर-18 में रहती हैं। इनका शादीशुदा बेटा दुबई में रहता है। सुतापा करीब दो दशक से अधिक से डॉ. कुकरेजा के साथ काम करती हैं। फिलहाल वह निर्वाण अस्पताल के एडमिन और फाइनेंस डिपार्टमेंट की मुखिया थीं। परिवार ने पुलिस को जानकारी दी है कि मंगलवार दोनों रात को शादी में जाने की बात कर अपने-अपने घरों से निकले थे।