क्षेत्र में बडे़ पैमाने पर अवैध रुप से मिट्टी खनन चल रहा था। सोमवार रात नायब तहसीलदार ने मकसूदाबाद बामला गांव के जंगल में छापा मारकर मिट्टी खनन कर रहे नौ ट्रक और एक ट्रैक्टर-ट्राली सीज की है। छापा के दौरान वाहन चालक व खनन माफिया भागने में सफल रहे।
नायब तहसीलदार ने बताया कि खनन माफियाओं और वाहनों चालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। खेत मालिकोें से रायल्टी एवं वाहनों के मालिकों से पेनाल्टी वसूली जाएगी।
बकौल नायब तहसीलदार वीर सिंह सोमवार रात वहां छापा मारा गया, तो मौके पर बडे़ पैमाने पर मिट्टी खनन होता मिला। छापे से वहां भगदड़ मच गई और खनन माफिया के लोग जेसीबी मशीन, 9 ट्रक और एक ट्रैक्टर-ट्रालियां मौके पर छोड़कर भाग गए, जिन्हें सीज कर दिया गया है।
अवैध मिट्टी खनन मकसूदाबाद बामला के खसरा नंबर 30 में चल रहा था। इस खेत के मालिक महावीर, सुखबीर, सत्यवीर, ओमप्रकाश, कमल एवं शीतला प्रसाद हैं, जबकि अवैध खनन उमेश, पप्पू एवं सुरेंद्र निवासी गोठरा बागपत करा रहे थे।खनन माफिया एवं वाहन चालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि खेत मालिक से रायल्टी एवं वाहनों मालिकों से जुर्माना वसूला जाएगा। खनन के कारण खेत में तीस-तीस फुट गहरे गड्ढे बने हैं।