-एशिया के सबसे बड़े कंप्यूटर मार्केट नेहरू प्लेस में खत्म हुआ स्टॉक
-चीन से नहीं हो रहा आयात, लोगों की बढेगी परेशानी
-देश भर से रोजाना हजारों व्यापारी सामान खरीदने आते हैं नेहरू प्लेस
देश की सबसे बड़ी कंप्यूटर मार्केट (नेहरू प्लेस) में कंप्यूटर के सामान का स्टॉक खत्म हो रहा है। कोरोना वायरस के कारण चीन से आयात पर प्रतिबंध लगा है। आयात नहीं होने और मौजूदा स्टॉक के खत्म होने से इस सप्ताह तक मार्केट में कंप्यूटर का सारा सामान खत्म हो जाएगा। इससे देश में अगले महीने से कंप्यूटर और लैपटॉप के सामान की किल्लत हो जाएगी।
विज्ञापन
ऑल दिल्ली कंप्यूटर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष महिंदर अग्रवाल बताते हैं कि कंप्यूटर से संबंधित अधिकतर सामान चीन से ही आयात किया जाता है। पूरे देश के व्यापारी यहां से रोजाना हार्ड ड्राइव, रैम, मदर बोर्ड, स्क्रीन ग्रार्ड, की-बोर्ड आदि सामान खरीदने आते हैं। मार्केट में जो भी स्टॉक बचा था, वह सब इस सप्ताह तक खत्म हो जाएगा। चीन से सामान का आयात पूरी तरह बंद है और कब तक बंद रहेगा, इसकी कोई जानकारी नहीं है। अगले माह जब सारा स्टॉक खत्म हो जाएगा, तो हम व्यापारियों को सामान नहीं बेच पायेंगे। इससे देश भर में कंप्यूटर के सामान की किल्लत हो जाएगी।
कीमतें बढ़ीं, बिक्री पर पड़ा रहा असर
नेहरू प्लेस के दुकानदार राजेश चौहान बताते हैं कि वो यहां के बड़े डीलरों से सामान खरीदकर ग्राहकों को बेचते हैं। बड़े डीलरों के पास अब माल नहीं आ रहा है। जो सामान आ भी रहा है, वितरकों ने उसकी क़ीमतें 50 फीसदी तक बढ़ा दी हैं। कीमतें दोगुनी होने से लोगों ने खरीददारी कम कर दी है। इससे दुकानदारी एक माह से आधी भी नहीं रही है। सिर्फ मरम्मत का काम ही चल रहा है, पूरी मार्केट का यही हाल है। दुकान पर सामान खरीदने आए नावेंद्र चौधरी का कहना है कि दो महीने पहले वो अपने लैपटॉप के लिए मदर बोर्ड लेने आए थे तो 6000 रुपये का मिला था, लेकिन इस बार इसकी कीमत बढ़कर आठ हजार हो गई है।