सेक्टर-31 में एक नवविवाहिता ने घर में पंखे से लटककर फांसी लगा ली। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, करीब 20 वर्षीय पूजा अपने पति नीरज के साथ सेक्टर-31 स्थित बंगाल शूटिंग कॉलोनी में रहती थी। पूजा व नीरज दोनों मूल रूप से आगरा के सिकंदरा की शिव विहार कॉलोनी के निवासी हैं।
सोमवार शाम करीब चार बजे पूजा घर पर अकेली थी। जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि जब शाम को नीरज आया, तो उसने पूजा को पंखे से लटका हुआ पाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नीरज ने बताया कि दोनों दूर के रिश्तेदार थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन एक ही कुनबे से होने के कारण परिवार वाले शादी का विरोध कर रहे थे। इसे देखते हुए दोनों करीब पांच महीने पहले आगरा से फरीदाबाद आ गए और यहां शादी कर ली।
नीरज प्राइवेट फैक्ट्री में काम कर रहा था, लेकिन 11 अप्रैल को उसकी नौकरी छूट गई थी। घटना वाले दिन नीरज नौकरी ढूंढने जा रहा था। पूजा उससे घर का सामान लाने के लिए कह रही थी, लेकिन रुपये न होने के कारण नीरज व पूजा में झगड़ा हो गया, इसके बाद वह घर से चला गया।
पुलिस के मुताबिक, नाराज परिवार वालों को जब पूजा की आत्महत्या के बारे में सूचना दी गई, तो उन्होेंने पोस्टमार्टम के लिए आने से मना कर दिया। काफी समझाने के बाद मंगलवार को पूजा के परिजन फरीदाबाद पहुंचे, इसके बाद ही पोस्टमार्टम किया गया।