इंद्रपुरी स्थित शनि मंदिर की सीढ़ियों पर बुधवार देर रात नवजात बच्ची मिली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत ठीक है। इंद्रपुरी थाना पुलिस इस बाबत मामला दर्ज कर बच्ची के परिजनों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, टोडापुर से गुजरने वाले देवप्रकाश मार्ग पर सड़क किनारे झुग्गी डालकर रहने वाले मजदूरों ने बुधवार रात ढाई बजे बच्ची की रोने की आवाज सुनी। आवाज की तरफ कई मजदूर गए। उन लोगों ने शनि मंदिर की सीढ़ियों पर एक बच्ची को लावारिस हालत में पड़ा हुआ पाया।
मजदूरों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बच्ची को राम मनोहर लोहिया अस्पताल भर्ती कराया, जहां बच्ची की हालत ठीक है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस बाबत बच्ची के परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मंदिर के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।