गाजियाबाद के चौराहे जल्द ही न्यूयार्क के टाइम स्क्वायर की तर्ज पर विकसित होंगे। घर से निकलते ही लोग शहर के ट्रैफिक का हाल चौराहों- तिराहों पर लगी बड़ी एलईडी पर लाइव देख सकेंगे।
मुख्य चौराहों पर फाउंटेन बनाकर लेजर लाइट से जनहित के मैसेज फ्लैश किए जाएंगे। फाउंटेन शहर की खूबसूरती बढ़ाएंगे तो इन पर फ्लैश होने वाले मैसेज ट्रैफिक को मैनेज करने और शहर को साफ-सुथरा बनाने के प्रति लोगों को जागरूक भी करेंगे।
शहर से गुजरने वाले हाईवे और बड़े मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की कनेक्टिविटी शहर में लगने वाली एलईडी और पुलिस कंट्रोल रूम से दी जाएगी।
योजना परवान चढ़ी तो इस हाईटेक तकनीक को लागू करने वाला देश का पहला शहर गाजियाबाद होगा। यह पूरा काम नगर निगम और एक निजी कंपनी सीजे ऑनलाइन प्राइवेट लिमिटेड पीपीपी मॉडल पर करेंगे।
जाम देखकर रूट डायवर्ट कर सकेंगे वाहन चालक
कैमरों और एलईडी के जरिए लोगों को पता चल जाएगा कि किस जगह पर जाम लगा है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस उस ओर जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर दूसरे रास्ते से निकाल सकते हैं।
नगर निगम से टाइअप करने वाली कंपनी एनएच-24 और 58 समेत शहर के प्रमुख क्षेत्रों, पार्कों में मुफ्त वाई-फाई इंटरनेट सुविधा भी देगी। प्रतिदिन 30 मिनट तक वाई-फाई इस्तेमाल करने पर कोई चार्ज नहीं देना होगा।
निगम के साथ मिलकर चौराहों और तिराहों को चिह्नित किया जाएगा। सहमति बनी तो जल्द ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा। ऑनलाइन प्रोजेक्ट को दुनिया के किसी भी हिस्से से ऑपरेट किया जा सकेगा। - राजेश छारिया, डायरेक्टर, सीजे ऑनलाइन प्राइवेट लिमिटेड