रात आठ बजे के बाद नहीं होगी वाहनों की एंट्री
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रविवार रात आठ बजे के बाद से नई दिल्ली इलाके के इंडिया गेट और कनॉट प्लेस में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहा। यह प्रतिबंध जश्न के समापन तक जारी रहेगा। 8 बजे रात के बाद कनॉट प्लेस आने वाले निजी और सार्वजनिक वाहन मंडी हाउस, बंगाली मार्केट और गोल मार्केट क्षेत्र तक ही आ सकेंगे। कनॉट प्लेस के आंतरिक, मध्य या बाहरी सर्कल में केवल वैध पास वाले वाहनों को ही अनुमति होगी।
नियम तोड़ने और हुड़दंगियों पर दर्ज होगा मुकदमा
नए साल का जश्न मनाने के दौरान यातायात नियम तोड़ने, शराब पीकर वाहन चलाने वाले और हुड़दंग करने वाले पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि नियम तोड़ने और हुड़दंग करने वाले लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही इन इलाकों में चप्पे चप्पे पर पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी है। पुलिसकर्मियों को किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश हैं। दिल्ली यातायात पुलिस ने दिल्ली वासियों को नए साल की पूर्व संध्या को सुरक्षित और आनंदमय तरीके से मनाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।