-मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में मरीजों के बेहतर उपचार के लिए कई नई दवाइयां और आधुनिक चिकित्सा उपकरण को स्वीकृत सूची में शामिल किया गया है। यह निर्णय अस्पताल प्रशासन ने न्यू ड्रग्स एंड डिस्पोजेबल्स अप्रूवल कमेटी की सिफारिश पर और निदेशक की मंजूरी के बाद लिया है। नई शामिल की गई दवाइयों में टैबलेट रिवारॉक्साबैन 2.5 एमजी (ओपीडी और भर्ती दोनों में उपलब्ध), इंजेक्शन एटानेरसेप्ट 25 और 50 एमजी, इंजेक्शन फोलिनिक एसिड/ल्युकोवोरिन, इंजेक्शन इफॉस्फेमाइड, मेथोट्रेक्सेट और रैसब्यूरिकेज और टैबलेट एल्ट्रोमबोपैग 25 और 50 एमजी शामिल हैं।
अस्पताल में कई आधुनिक डिस्पोजेबल्स और उपकरण भी जोड़े गए हैं, जिनमें ऑक्सिडाइज्ड रीजेनरेटेड सेलुलोज पाउडर, फ्लोएबल जिलेटिन विद थ्रोम्बिन, यूरेथ्रा सेफ कैथेटर, कीमो पोर्ट्स, मार्की कोर बायोप्सी उपकरण और हाइपोक्लोरस एसिड सॉल्यूशन आदि शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि कुछ विशेष दवाइयों और उपकरणों के उपयोग के लिए विभागाध्यक्ष के हस्ताक्षर और उपयोग प्रमाण-पत्र आवश्यक होगा। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम मरीजों को आधुनिक और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अब ये सभी नई दवाइयां और उपकरण आरएमएल अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए उपलब्ध रहेंगे।