प्रदेश कांग्रेस को आज शाम तक नए अध्यक्ष के मिलने की संभावना है। आला नेताओं की 10 दिन में हुई बैठकों और मुलाकातों में इस पद के लिए वरिष्ठ और युवा नेताओं के नाम पर गंभीरता से चर्चा हुई है। माना जा रहा है कि इसमें युवा नेतृत्व पर सहमति बनी है। आलाकमान की मुहर लगने के बाद सोमवार शाम तक नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है।
नए प्रदेशाध्यक्ष को अंदरूनी कलह का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। कुछ दिन से संदीप दीक्षित की चिट्ठी पर पार्टी बंटी दिखी है। इसके बावजूद आलाकमान विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ने का पक्षधर है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी को अंतर्विरोध से नुकसान न हो, इसलिए पूर्वांचल के किसी नेता को कमान मिल सकती है। पार्टी की कोशिश पूर्वांचल के वोट बैंक को खींचने की है। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व सांसद और क्रिकेटर कीर्ति आजाद सबसे मजबूत दावेदार माने गए हैं।
नेताओं के मुताबिक, सत्ताधारी आप से निराश कुछ और नेता जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। चांदनी चौक क्षेत्र से विधायक अलका लांबा के पार्टी में शामिल होने के बाद यह रास्ता खुल गया है। माना जा रहा है कि नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषणा के बाद आप के तीन-चार नेता पार्टी में शामिल होने की लाइन में हैं। प्रदेश प्रभारी पीसी चाको ने भी इसकी पुष्टि की है।