दिल्ली से पहले लाहौर फिर काठमांडू के बाद अब सार्क देशों में अंतरराष्ट्रीय बस सेवा चलाई जाएंगी। मंगलवार को अंबेडकर इंटरनेशनल टर्मिनल से दिल्ली-काठमांडू बस सेवा को हरी झंडी देकर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रवाना किया। बस बुधवार देर रात काठमांडू पहुंचेगी।
गडकरी ने कहा कि पड़ोसी मुल्कों संग दोस्ती की पहल पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी ने लाहौर बस सेवा से शुरू की थी और उसी के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काठमांडू के लिए बस चलाने का निर्णय लिया था। मोदी सरकार अपने पड़ोसी मुल्कों संग रिश्तों को बढ़ाना चाहती है। इसी के तहत सार्क देशों संग बस सेवा चलाने पर काम हो रहा है।
14 यात्री बने भारत-नेपाल दोस्ती के गवाह
पहले सफर में डीटीसी को 14 यात्री मिले जो मूलरूप से नेपाल के रहने वाले हैं। हालांकि रोजगार के चलते वे हिमाचल प्रदेश समेत दिल्ली के होटलों में काम कर रहे हैं। विष्णु बहादुर, विमला, अविनाश समेत धर्म बहादुर के मुताबिक, वे सोमवार को नेपाल जाने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। इसी बीच मंगलवार को उन्हें सूचना मिली कि काठमांडू के लिए बस सेवा शुरू हो रही है और वे अंबेडकर टर्मिनल जानकारी लेने पहुंचे और टिकट मिल गया।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तर्ज पर बनेगा डिजाइन
अंबेडकर टर्मिनल अब महज एक टर्मिनल नहीं रहेगा, बल्कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तर्ज पर इसका निर्माण होगा। नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि अंबेडकर टर्मिनल के नवनिर्माण के डिजाइनिंग का पूरा खर्चा केंद्र सरकार वहन करेगी।