पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी को छावला थाना पुलिस को इलाके से एक स्कूटी चोरी होने की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि किसी अनजान शख्स ने एसटीडी रोड से उनकी स्कूटी चोरी कर ली है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया। जिला वाहन चोरी निरोधक शाखा ने मामले की जांच शुरू की। निरीक्षक कमलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। एक फुटेज में पुलिस ने दो लोगों को स्कूटी चोरी कर भागते देखा। पुलिस टीम ने बदमाशों के भागने की दिशा में सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
पुलिस टीम स्थानीय स्तर पर सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाशों की पहचान करने में जुट गई। पुलिस को सूचना मिली कि गोयला डेयरी निवासी सुजीत स्कूटी चोरी में शामिल है। पांच जनवरी को पुलिस ने सुजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने गुनाह कबूल कर लिया।
उसने बताया कि अपने जीजा कुरेनी गांव नरेला निवासी सोचित कुमार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने उसके निशानदेही पर सोचित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से स्कूटी बरामद कर ली। सोचित ने बताया कि वह नरेला अनाज मंडी स्थित एक दुकान में मुनीम का काम करता है और उसका साला सुजीत गोयला गांव स्थित एक दूध की डेयरी में काम करता है। 31 दिसंबर को वह साले के घर गया था। उसे काम पर जाने के लिए एक वाहन की जरूरत थी, लेकिन वाहन खरीदने के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। इसलिए उन लोगों ने योजना बनाकर स्कूटी चुरा ली।