कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद एक बार फिर देश के चुनिंदा शूटरों का यहां जमघट लगने वाला है। यहां 10 फरवरी से जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप और नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप होने जा रही हैं।
इस दौरान एक तरफ जहां गगन नारंग जैसे दिग्गज शूटर हाथ आजमाते दिखेंगे, वहीं नाना पाटेकर, सैफ अली खान सरीखे फिल्मस्टार को भी शूटिंग कौशल का प्रदर्शन करते देखा जा सकेगा।
प्रतियोगिता में देश के जूनियर खिलाड़ी भी शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को अगले कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लेने का मौका मिलेगा। कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान दिल्ली के बाद गुड़गांव के कादरपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप का फुलबोर शूटिंग रेंज खिलाड़ियों का दूसरा ठिकाना रहा था।
यह भी पढ़ें: चुनावी जंग में खेल का मैदान बना राजनीतिक अखाड़ा
उसके बाद से यहां निशानेबाजी की कई प्रतियोगिताएं तो हुईं, पर कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद पहली बार शूटरों का जमघट लगने जा रहा है। दोनों ही प्रतियोगिताएं 19 फरवरी तक चलेंगी।
इसका उद्घाटन हरियाणा के पूर्व डीजीपी एवं हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (हिपा) के वर्तमान महानिदेशक रंजीव सिंह दलाल करेंगे। तमाम प्रतियोगिताएं सीआरपीएफ कैंप के फुलबोर रेंज में आयोजित की जाएंगी।
जीवी मावलंकर चैंपियनशिप
देश के पहले लोकसभा स्पीकर जीवी मावलंकर को भारत में फादर ऑफ शूटिंग कहा जाता है। उनके प्रयासों से 1953 में नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडियन के गठन को लेकर एक प्रस्ताव लोकसभा में पास किया गया था। इस चैंपियनशिप के तहत छोटे रेंज की करीब 50 प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाती हैं। इनमें जूनियर शूटर भाग लेते हैं।