देश की जानी-मानी पत्रकार नलिनी सिंह ने सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में पुलिस को एक चौंकाने वाला बयान दिया है। यह बयान शशि थरूर को बड़ी मुसीबत में डाल सकता है।
नलिनी सिंह का यह बयान शशि थरूर और पाकिस्तानी महिला पत्रकार के बीच संबंधों की कहानी भी बयां करता है। नलिनी सिंह ने पुलिस को बताया कि जिस रात सुनंदा पुष्कर की मौत हुई उस रात सुनंदा ने नलिनी को फोन कर अपने पति और मेहर तरार के संबंधों के बारे में कुछ बेहद निजी बातें बताईं।
सुनंदा ने नलिनी को बताया कि पाकिस्तानी महिला पत्रकार मेहर तरार और उनके पति शशि थरूर तीन दिन तक दुबई में साथ थे। बता दें कि दिल्ली पुलिस को शक है कि सुनंदा पुष्कर की हत्या हुई है और इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया है।
सुनंदा ने बताई निजी बातें
नलिनी सिंह ने अपने बयान में बताया कि मौत वाली रात सुनंदा ने फोन पर बताया कि पाकिस्तानी पत्रकार मेहर ने शशि से कहा है कि वह उनके बिना जिंदा नहीं रह सकती।
नलिनी सिंह ने बताया कि वह सुनंदा पुष्कर को उनकी मौत से तीन-चार साल पहले से जानती थीं। मौत से करीब एक साल पहले सुनंदा अपने निजी जीवन और शशि थरूर से उनके संबंधों के बारे में भी बात करने लगी थीं।
नलिनी ने बताया कि मौत से छह सात महीने पहले सुनंदा अपने पति और पाकिस्तानी पत्रकार मेहर के बीच बन रहे संबंधों और पति से बिगड़ते रिश्ते के बारे में भी नलिनी को बताया करती थीं।
तीन दिन साथ रहे थे मेहर-थरूर
सुनंदा ने उन्हें बताया कि उनके पति और मेहर जून 2013 में दुबई में तीन दिन तक साथ रहे थे। चूंकि सुनंदा की दुबई में अच्छी जान पहचान थी तो उन्हें सारी गतिविधियों के बारे में पता लग जाता था। सुनंदा ने नलिनी को यह भी बताया था कि उन दोनों के संबंधों को साबित करने के लिए उनके पास पर्याप्त सबूत भी थे।
नलिनी ने बताया कि 16-17 जनवरी की रात 12:10 बजे उनके पास सुनंदा का फोन आया। सुनंदा बेहद परेशान थी और रो रही थी। उसने मुझे बताया कि शशि और मेहर ने एक दूसरे को बेहद निजी रोमांटिक मैसेज भेजे हैं।
नलिनी के मुताबिक उनमें से एक मैसेज ऐसा भी था जिसमें कहा गया था कि आम चुनावों के बाद वह सुनंदा को तलाक देकर मेहर से शादी करने वाले हैं। जिसके जवाब में मेहर ने लिखा था कि वह शशि के बिना जिंदा नहीं रह सकती।
इस दौरान शशि थरूर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह किसी सुब्रह्मणयम स्वामी को नहीं जानते। और अगर उन्हें पता है कि सुनंदा को हत्यारा कौन है तो उन्हें पुलिस को जाकर इस बारे में बताना चाहिए।