अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को उत्तर-पूर्व के असम से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ भोला (24), आशु उर्फ राहुल (22) और तुषार उर्फ बच्चा (18) के रूप में हुई है। 22 दिसंबर को आरोपियों ने अंबेडकर नगर इलाके में मोहन नामक एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दरअसल कुछ समय पूर्व अभिषेक के भतीजे कुणाल का मर्डर हो गया था। अभिषेक को लगता था कि कुणाल की हत्या में मोहन का हाथ है। इसीलिए बदला लेने की नियत से उसने मोहन की हत्या की। वारदात के बाद पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया था। तभी से तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल व चार कारतूस बरामद किए हैं। कोर्ट में पेश कर आरोपियों को तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त बेनिता मैरी जैकर ने बताया कि आरोपी अभिषेक केर खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट, हत्या, ऑर्म्स एक्ट झपटमारी के आठ मामले दर्ज हैं। मोहन की हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस से बचने के लिए इन लोगों ने अपने घरों पर कॉल करना भी बंद कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अपने परिवार से बातचीत करने के लिए इंस्टाग्राम की पर कॉल कर रहे हैं। पुलिस ने उसके आधार पर टेक्निकल सर्विलांस की मदद की। इस दौरान टीम को पता चला कि आरोपी बिजनी, चिरांग, असम में छिपे हैं। फौरन एक टीम को वहां भेजा गया। आरोपियों की पहचान कर उनको असम से दबोच लिया गया।