दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने पिंकी ईरानी को जमानत दे दी है। ईरानी को कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर की सहयोगी माना जाता है। यह भी कहा जाता है कि उसने ही सुकेश को बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से मिलवाया था।
पिंकी ईरानी को 9 दिसंबर 2021 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह ने 15 फरवरी को पारित एक आदेश में कहा कि आरोपी से जांच पूरी हो जाने के बाद सबूत और बाकी दस्तावेज एकत्र कर लिए गए हैं। उन्हें नहीं लगता कि आरोपी द्वारा साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ किए जाने की कोई संभावना है। ऐसे में उसे और कैद में रखने का कोई औचित्य नहीं है।
इससे पहले पिंकी ईरानी के वकील आरके हांडू ने कोर्ट से कहा कि अभियोजन शिकायत में कहीं भी यह आरोप नहीं है कि आवेदक पिंकी ने अपराध की आय उत्पन्न करने में सुकेश की मदद की या आवेदक को पता हो कि सुकेश अपराध की आय खर्च कर रहा था और यह काली कमाई है। ईरानी से विभिन्न अवसरों ने लंबी पूछताछ की है।
सुकेश और पिंकी से संयुक्त पूछताछ
ईडी के मुताबिक, पिंकी ईरानी ने चंद्रशेखर को बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज से मिलवाया था। ईडी ने दोनों से संयुक्त पूछताछ की। दोनों से एक ही तरह के सवाल पूछे गए। दोनों एक दूसरे को कैसे जानते थे और क्या पिंकी ने अवैध धन शोधन कार्यों में मदद की थी। ऐसे कई सवाल पूछ गए। गिरफ्तारी से पहले पिंकी ईरानी का सामना जैकलीन फर्नांडीज से भी हुआ था।
जैकलीन और नोरा फतेही से भी की जा चुकी है पूछताछ
ईडी इससे पहले चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फर्नांडीज से पूछताछ कर चुकी है। ईडी ने इसी मामले में एक अन्य अभिनेत्री नोरा फतेही से भी पूछताछ की थी। ईडी इस मामले से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े विभिन्न लोगों की तलाश कर रही है।