दिल्ली के बिजवासन गांव में रहने वाले युवक की उसके ममेरे भाई ने बुधवार की रात को धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। शव को मानेसर के पास खेत में फेंक दिया। शव की पहचान कर ली गई है। कापसहेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मूलरूप से गंगाटन डिगल झज्जर का रहने वाला भूपेंद्र (32) पुत्र रोहताश अपनी बुआ के गांव बिजवासन में रहता था। वहां पर वह डेयरी चलाने के साथ-साथ स्माल इंडस्ट्री लगाकर गारमेंट से संबंधित काम करता था। उसने अपने ममेरे भाई राकेश नले से कुछ रुपये लेकर कारोबार में लगा रखा था।
इसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी के चलते बुधवार की रात राकेश नले ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। शव कार में रखकर गुड़गांव के मानेसर ले आया। यहां गांव पाड़ा में सरसों के खेत में फेंक दिया।
मानेसर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पहचान के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के आने के बाद पूरे मामले की जांच दिल्ली के कापसहेड़ा थाना पुलिस ने शुरू कर दी है।