नगर निगम द्वारा एनआईटी मुख्यालय में शुरू की गई हेल्प डेस्क पर दो दिन में 20 शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें से ज्यादातर सीवरेज ब्लाक, पानी सप्लाई और चिकनगुनिया व डेंगू से बचाव के लिए फॉगिंग करने की बात कही गई है।
पहली शिकायत एनआईटी वार्ड नंबर-12 निवासी सचिन और एसजीएम नगर गली नंबर एक निवासी मनीष ने दर्ज कराई है। सचिन ने पानी की समस्या के बारे में अवगत कराया है तो मनीष ने सीवर लाइन ब्लॉक होने की शिकायत दर्ज कराई है।
जबकि बाबा सूरदास कॉलोनी निवासी जय प्रकाश ओझा, जनता कॉलोनी निवासी नरेश सिंह सलूजा, सूर्या कॉलोनी निवासी सौरव और चोपड़ा नर्सिंग होम एनआईटी निवासी राकेश सूद ने डेंगू-चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए तत्काल फॉगिंग कराने की मांग की है।
निगम सचिव भारत भूषण गोगिया का कहना है कि हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेज दिया गया है, ताकि जल्द समस्या का समाधान हो सके।