दो साल की बच्ची पर नगर निगम का वाहन चढ़ने से नाराज स्थानीय लोगों ने रविवार दोपहर को लोगों ने जोरदार हंगामा किया। इस दौरान लोगों ने नगर निगम के वाहनों के चालकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। हंगामा कर रहे लोगों को मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। परिवार के लोगों ने बच्ची को उपचार के लिए संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बच्ची के सिर और हाथ पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
बागपत के ईदगाह कॉलोनी निवासी सादाब कैला भट्टा में पिछले छह माह से रह रहे हैं। वह फल सब्जी बेचकर अपने परिवार का लालन पालन करते हैं। सादाब ने बताया कि उनकी दो साल की बेटी एलिना अपनी बहन हलीमा के साथ रविवार दोपहर को सड़क किनारे खड़ी थी, तभी चालक नगर निगम के वाहन को लेकर आया और एलिना पर चढ़ा दिया। उसके पैर और सिर में चोट आई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। एलिना को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सादाब ने बताया कि नगर निगम के वाहन तैनात पर चालक मोबाइल चलाते रहते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। पहले भी कई बार नगर निगम के वहां हादसा कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उनका यह भी कहना था कि पूर्व में भी अधिकारियों से कई बार इसकी शिकायत की गई लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। मामले में कार्रवाई लिए के लिए डीसीपी को भी शिकायत दी गई है। डीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच कराई जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।