नगर निगम की ओर से जी-20 सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए 26 सड़कों को बेहतरीन सड़कों में बदला जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के साथ मिलकर इन सड़कों पर रंगबिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। नोडल अधिकारी अपनी टीमों, एमआरएसएम व अन्य वाहनों के साथ इन सभी सड़कों की सफाई करा रहे हैं। इन सड़कों पर हर घंटे धूल को नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
निगम के अधिकारियों के मुताबिक, इसमें कुछ और सड़कों को भी जोड़ने की तैयारी भी चल रही है। एक-दो दिन में यह भी तय हो जाएगा। इन सड़कों पर कोई भी गड्ढा न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। 10 सितंबर तक विशेष अभियान के तहत इन सड़कों पर हर घंटे साफ सफाई का काम होता रहेगा।
मथुरा रोड, भैरों मार्ग, सचिवालय रोड, पुराना किला रोड, लोधी रोड, मौलाना मोहम्मद अली जौहर मार्ग, सूरज कुंड रोड, महात्मा गांधी रोड, विकास मार्ग, लाला लाजपत राय मार्ग, जेबी टीटो मार्ग, विवेकानंद मार्ग, उलान बटार मार्ग, मास्टर सोमनाथ मार्ग, भारतेंदु हरीश चंद्र मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, पंचशील मार्ग, मंदिर मार्ग, दक्षिण दिल्ली, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, महरौली-बदरपुर मार्ग, राव तुला राम मार्ग, हवाई अड्डे से धौला कुआं, जेएलएन मार्ग, अरबिंदो मार्ग व वंदेमातरम मार्ग से आईएआरआई पूसा रोड को संवारा जा रहा है।
ये सभी सड़कें जिन क्षेत्रों में हैं, उन संबंधित क्षेत्रों के अधीक्षक अभियंता के नेतृत्व में प्रत्येक सड़क के लिए एक टीम का गठन किया गया है, जिसमें ट्रक, निर्माण विभाग के पांच श्रमिक, ईएमएस विभाग के पांच सफाई कर्मचारी, उद्यान विभाग के पांच माली, बेल्चा, फावड़ा, तसला, गैंती, व्हीलब्रो आदि के साथ तैनात किए गए हैं। हर दिन इन सड़कों पर लगी जाली, बेल माउथ, सी चैनल आदि की सफाई, सेंट्रल वर्ज, फुटपाथ और कच्चे हिस्से की मरम्मत, जंगली पौधों, झाड़ियों आदि को हटाने का कार्य किया जा रहा है।