बंगलूरू से गले का ऑपरेशन कराकर रविवार दोपहर को दिल्ली लौटे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शाम को वीडियो संदेश जारी करके मच्छरों के खिलाफ जंग का एलान किया।
डॉक्टर ने कुछ दिन आराम करने और कम बोलने की सलाह दी थी लेकिन 3:32 मिनट के वीडियो संदेश में बोले। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री को फॉगिंग मशीन खरीदने के निर्देश दिए, राजनीतिक दलों को भारत-पाकिस्तान मैच का हवाला देकर एक होने की अपील की।
केजरीवाल ने संदेश में कहा कि हर घर में चिकनगुनिया हो रहा है। बहुत दर्द होता है। अस्पतालों में इंतजाम किए थे लेकिन परेशानी मच्छरों से है। राजनीति भी बहुत हो रही है।
'राजनीति छोड़कर मच्छरों से लड़ने के लिए एकजुट हो जाएं'
केजरीवाल
मच्छरों को नहीं पता होता है कि ये कांग्रेसी है, इसे काट लो और ये भाजपाई है इसे मत काटो। इसलिए राजनीति छोड़कर मच्छरों से लड़ने एकजुट हो जाएं।
केजरीवाल ने कहा जब दिल्ली वाहनों में सम-विषम लागू कर सकती है तो मच्छरों से निजात भी पा सकती है। एक डेढ़ महीने पूरी दिल्ली युद्ध छेड़ दे। कोशिश होगी कि हर गली-मोहल्ले में एक-दो दिन में छिड़काव हो।
मुख्यमंत्री ने कहा, हाथ जोड़कर अपील है कि चाहे भाजपा के हों या कांग्रेस के, भारत-पाकिस्तान का मैच होने पर जैसे सभी एक हो जाते हैं, वैसे ही मच्छरों से जंग में एकजुट हो जाएं। अगले दो-तीन दिन में सबसे बुलाकर बात करूंगा।
थोड़ी कमजोरी और दर्द है
केजरीवाल ने कहा कि वे गले का ऑपरेशन कराने गए थे, आज ही लौटे हैं। थोड़ी-थोड़ी कमजोरी है और दर्द भी है। डॉक्टर ने कहा है कि तीन-चार दिन आराम करना चाहिए। बोलने में थोड़ी तकलीफ हो रही है। एक दो जरूरी काम थे, इसलिए बात कर रहा हूं।