दिल्ली में डेंगू के मामलों में फिर भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एमसीडी ने सोमवार को वर्षा जनित बीमारियों की रिपोर्ट जारी की जिसके मुताबिक दिल्ली में डेंगू के कुल मामले बढ़कर 3 हज़ार के पार जा पहुंचे हैं। बीते हफ्ते डेंगू के 894 नए मामले सामने आए। इसके बाद डेंगू के कुल मामले बढ़कर 3109 तक पहुंच चुके हैं। इनमें से दिल्ली के मरीज़ों की संख्या 1465 है तो वहीं 1644 मामले अन्य राज्यों से आए मरीज़ों के हैं।
हालांकि मलेरिया के मामले भले ही पहले से कम सामने आ रहे हैं, लेकिन वो अभी तक पूरी तरह से रुके नहीं हैं। एमसीडी की रिपोर्ट के मुताबिक मलेरिया के 85 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद मलेरिया के कुल मामले बढ़कर 964 तक पहुंच चुके हैं। इनमें से अकेले दिल्ली के मरीज़ों की संख्या 457 तक पहुंच गयी है तो वहीं 497 मामले अन्य राज्यों के हैं। चिकनगुनिया के भी 61 नए मामले सामने आने के साथ ही इस बिमारी के कुल मामले बढ़कर 533 तक पहुंच चुके हैं। इनमें से दिल्ली के 315 तो वहीं 218 मामले अन्य राज्यों से आए मरीज़ों के हैं।
बारिश ने बढ़ा दी है चिंता
बीते हफ्ते दिल्ली में हुई झमाझम बारिश के बाद मच्छरों की ब्रीडिंग बढ़ने के आसार हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक ये मच्छर साफ पानी में पनपते हैं जिससे दिल्ली में बीते हफ्ते शुक्रवार और शनिवार को जो बारिश हुई उससे अब डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामले और बढ़ सकते हैं।