देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने अपने ग्राहकों के लिए 'मानसून फिट चेकअप कैंप की शुरूआत की है। यह कैंप एक सप्ताह चलेगा। जिसमें 17 महत्वपूर्ण मानकों पर कारों की मुफ्त में जांच की जाएगी।
बारिश के मौसम में लोगों की कार सुरक्षित रहे इसी मकसद से कारों की जांच की जा रही है। ये कैंप देश भर में 1500 शहरों में मौजूद 1700 मारुति सुजुकी डीलरों के वर्कशॉप पर लगाया जा रहा है।
मारुति सुजुकी के कार्यकारी निदेशक (सर्विस) पंकज नरुला ने बताया कि कार में सर्विस की जरूरत मानसून के दौरान ज्यादा बढ़ जाती है। मारुति-सुजुकी ने अपने ग्राहकों के लिए सतर्कता का यह कदम उठाया है।
इसमें ग्राहक अपनी कार की समस्याएं आसानी से दूर करा लेंगे। सुरक्षात्मक सर्विस कैंप में कारों के जरूरी पार्ट्स वाइपर ब्लेड, वाइपर मोटर, ब्रेक पैड और मड फ्लैप सहित अन्य की जांच की जाएगी।
कार के अहम हिस्सों की जांच के साथ वाहन के प्रदर्शन पर भी ध्यान दिया जाएगा। कैंप के दौरान ग्राहकों को बताया जाएगा कि कैसे कार को हाइड्रो लॉक होने से बचाया जाए। कारों को जल जमाव वाले क्षेत्रों से बचाने का भी टिप्स दिया जाएगा।
इसके अलावा ग्राहकों को कैंप में अन्य सेवाओं का भी लाभ दिया जाएगा। एमजीए, एमजीपी और नए वाहन की खरीद व ट्रू वैल्यू में वाहन का मूल्यांकन जैसी चीजों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।