दिनेश मोहनिया को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने दक्षिण दिल्ली के संगम विहार क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया की गिरफ्तारी को लेकर प्रधानमंत्री पर आरोप लगाए।
उन्होंने अपने विधायक की गिरफ्तारी पर ट्वीट करके कहा कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली में इमरजेंसी घोषित कर दी है। जनता द्वारा चुने गए आप विधायकों के खिलाफ फर्जी केस कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने जिनको चुना उनकी गिरफ्तारी की जा रही है। छापा मारने के साथ-साथ आतंकित किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि दिनेश मोहनिया को मीडिया के सामने गिरफ्तार कराकर आखिर वह क्या संदेश देना चाहते हैं।
दिनेश मोहनिया की गिरफ्तारी पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आज के दिन दिल्ली में अघोषित इमरजेंसी देखने को मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि हम सबको ऐसे फर्जी आरोपों में जेल में डालने के बाद भी वह नहीं झुकेंगे।