विश्व कैंसर दिवस पर दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट ने कैंसर जागरूकता, रोकथाम और स्क्रीनिंग कार्यक्रम (कैप्स) की पहल की है। शुभारंभ दिल्ली सचिवालय में बुधवार को दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने किया। कैंसर की जल्द पहचान के लिए दिल्ली में मोबाइल वैन से स्क्रीनिंग की तैयारी है। साथ ही सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाने के लिए निशुल्क टीकाकरण अभियान चलेगा।
कैंप्स का मकसद दिल्ली में कैंसर का जल्दी से पता लगाने, रोकथाम और आसानी से मिलने वाली कैंसर देखभाल सेवाओं को और ज्यादा मजबूत करना है। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि कैंसर के बढ़ते मामले को कंट्रोल करने के लिए समय पर स्क्रीनिंग और जागरूकता बेहद जरूरी है। दिल्ली में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। इस कारण यहां ज्यादा मरीजों की रिपोर्ट दर्ज होती है। जबकि देरी से टेस्टिंग होने से कैंसर जोखिम को और बढ़ाता है।
मोबाइल वैन में स्क्रीनिंग से लेकर जांच की होगी सुविधा
कैप्स के तहत सरकार सामुदायिक आधारित तरीका अपना रही है। विशेष रूप से महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग को सुलभ और नियमित बनाने की दिशा में हम तेजी से काम कर रहे हैं। खास तौर पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन जिसमें मैमोग्राफी और एचपीवी डीएनए टेस्टिंग की व्यवस्था होगी। मोबाइल वैन को प्रमुख जगहों और दिल्ली के दूर-दराज के इलाकों में तैनात किया जाएगा, ताकि दिल्ली के नागरिक अपने रोजाना के शेड्यूल को डिस्टर्ब किए बिना अपनी स्क्रीनिंग करवा सकें।
महिलाओं के लिए सेल्फ टेस्टिंग किट को किया लॉन्च
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मोबाइल वैन से स्क्रीनिंग की सुविधा एक-दो महीने बाद शुरू हो जाएगी। इस कार्यक्रम के दौरान सुविधाजनक और प्राइवेट स्क्रीनिंग के लिए एक सेल्फ-टेस्टिंग किट भी लॉन्च की गई। इस किट के माध्यम से महिलाएं खुद ही वैजाइनल स्वैब सैंपल लेकर लेबल युक्त वायल में सुरक्षित रख सकेंगी। जिसका एचपीवी डीएनए टेस्टिंग आरटी-पीसीआर तकनीक के जरिए किया जाएगा। टेस्ट रिपोर्ट एक हफ्ते के अंदर आएगी।
एचपीवी वैक्सीन के लिए टेंडर करेंगे जारी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर को मात देने के लिए दिल्ली में एचपीवी वैक्सीन लगाने को लेकर विशेष अभियान चलेगा। महिलाओं को निशुल्क टीका लगेगा। वैक्सीन खरीद के लिए जल्द टेंडर जारी किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैंसर रोकथाम के विजन को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गंभीरता से लिया है।
'जन-जन जागे, कैंसर भागे’ मुहीम को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा भारती से संबद्ध समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित ‘जन-जन जागे, कैंसर भागे’ जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया गया। समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट कुष्ठ रोगियों, स्वास्थ, सेवा और मानवीय संवेदनाओं के क्षेत्र में कार्यरत है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के महत्व को समझाना तथा यह संदेश देना रहा कि सही जानकारी, जागरूकता और जीवनशैली में सुधार से कैंसर की रोकथाम एवं समय रहते उपचार संभव है।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं प्रारंभिक लक्षणों को अनदेखा न करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक एवं प्रेसिडेंट रवि प्रकाश ने सभी को इस कार्यक्रम के बारे में बताया और आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए सब का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में सेंथिल कुमार अखिल भारतीय सह-सेवा प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अनिल शर्मा , विधायक, आर.के. पुरम संजय गोयल, विधायक शाहदरा, डॉ. सुधीर रावल, चिकित्सा निदेशक तथा डॉ. अनिल त्यागी चेयरमैन न्यूबर्ग औद्योगिक समूह की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक, प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। संस्था ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी और स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया तथा कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।