दिल्ली के मौर्या एंक्लेव इलाके में एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर हजारों रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के समय कारोबारी परिवार के साथ कपड़ों की खरीदारी के लिए पीतमपुरा स्थित मार्केट गए थे। दस मिनट में ही बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस कैमरे में कैद बदमाश की पहचान करने में जुट गई है।
रोहिणी के सेक्टर 15 निवासी कुणाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को वह परिवार के साथ पीतमपुरा गए थे। उन्होंने अपनी कार को एक दुकान के सामने पार्क किया। उसके बाद वह कपड़े खरीदने दुकान में चले गए, जहां से दस मिनट बाद अपनी कार के पास पहुंचे। उन्होंने अपनी कार का पिछला शीशा टूटा हुआ देखा। कार से उनका लैपटॉप बैग चोरी हो गया था। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। कारोबारी ने बताया कि लैपटॉप बैग में लैपटॉप के अलावा एक लिफाफा था, जिसमें 35 हजार रुपये रखे थे।