ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़ के बाद शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। रविवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हुआ है। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। चेकिंग के दौरान एक स्कूटी को रोका गया लेकिन स्कूटी पर सवार बदमाश बैरियर को पार करते हुए पुलिस पर गोली चलाने लगा। मुठभेड़ में अपराधी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया है।
शनिवार को 500 से अधिक लूटपाट करने वाला शातिर चढ़ा हत्थे
दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में 500 से अधिक लूटपाट करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने मिर्जापुर कट के पास से शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश के पास से लूटी गई स्कूटी, तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी गिरोह के साथियों के साथ यमुना एक्सप्रेसवे समेत देश के अन्य एक्सप्रेसवे पर यात्रियों को लिफ्ट देकर लूटता था।
एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे के अनुसार, कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की टीम सुबह यमुना एक्सप्रेसवे के मिर्जापुर कट के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान स्कूटी सवार युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के पैर में लग गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी राहुल उर्फ अजय मिश्रा के रूप में हुई है। आरोपी साथियों के साथ मिलकर वाहनों का इंतजार कर रही सवारियों को गाड़ी में लिफ्ट देकर लूटता था। राहुल ने दिल्ली निवासी प्रदीप, रोहित व शाहरुख के साथ मिलकर 30 मार्च को भी गांव मिर्जापुर निवासी पूर्व सैनिक से मारपीट कर तीस हजार रुपये लूटे थे।
वारदात के बाद निकल जाता था दूसरे राज्यों में
एडीसीपी ने बताया कि राहुल एक्सप्रेसवे पर लूटपाट करता हुआ यूपी से राजस्थान, मध्यप्रदेेश, हरियाणा आदि राज्यों में निकल जाता था। इसके खिलाफ फरीदाबाद, नोएडा, दिल्ली, कानपुर के कई थानों में बड़ी संख्या में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी अभी तक 500 से अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।