किशोर की निशानदेही पर चोरी की दो स्कूटी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी जिले के सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने मौज-मस्ती के लिए स्कूटी चोरी करने वाले एक नाबालिग को दबोचा है। पकड़े जाने के समय उसने पुलिस को खूब दौड़ाया। बाद में पुलिस ने किसी तरह उसे काबू किया। किशोर की निशानदेही पर पुलिस ने दो स्कूटी बरामद की हैं। एक सराय रोहिल्ला व दूसरी सदर बाजार इलाके से चोरी की गई थी।
किशोर ने खुलासा किया है कि वह मौज-मस्ती करने के लिए स्कूटी चोरी करता था। बाद में उनको बेच दिया करता था। एक स्कूटी पर आरोपी सवार था जबकि दूसरी स्कूटी को उसने दया बस्ती रेलवे स्टेशन की पार्किंग में पार्क की हुई थी।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि उनकी टीम ने शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के पास पिकेट लगाई हुई थी। वाहनों की जांच की जा रही थी। इस बीच बिना हेलमेट के स्कूटी सवार एक लड़का आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी यू-टर्न लेकर वापस भागने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने पीछा कर आरोपी को किसी तरह काबू किया।