मौसम में आए बदलाव के कारण बुधवार को राजधानी में हुई बारिश से अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे लुढ़क गया। सुबह घना कोहरा व दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर 12 बजे के बाद चली तेज हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी। दोपहर बाद बारिश शुरू हुई जो शाम तक रुक-रुककर होती रही। इस साल जनवरी का औसत अधिकतम तापमान 17.7 दर्ज किया गया। इससे पहले साल 2015 की जनवरी में औसत अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री रहा था। वहीं, बारिश के कारण कई इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही। कई सड़कों पर जलभराव, वाहन खराब होने व बारिश से बचने के लिए फ्लाइओवर के नीचे खड़े दोपहिया वाहनों के कारण लगे जाम ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, सिविक एजेंसियों ने समय पर जलभराव से निजात दिलाने का दावा किया।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे तक 8.5 एमएम बारिश दर्ज हुई। लोधी रोड में सबसे ज्यादा नौ एमएम बारिश हुई। जाफरपुर सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान सबसे कम 13.9 डिग्री दर्ज किया गया।