अभयखंड निवासी मर्चेंट नेवी अफसर को साइबर क्रिमिनल ने 1.14 लाख का चूना लगा दिया। एटीएम अफसर के पास था मगर कनाडा में उससे धड़ाधड़ खरीदारी की गई। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अभयखंड निवासी भूपेंद्र सिंह मर्चेंट नेवी में अफसर हैं। भूपेंद्र 16 से 20 जून के बीच जहाज पर ड्यूटी पर थे। इस दौरान उनके बैंक ऑफ इंडिया अकाउंट से कई बार में एक लाख 14 हजार रुपये की शॉपिंग की गई।
उन्होंने बैंक जाकर जांच की तो पता चला कि शॉपिंग कनाडा से की गई है। भूपेंद्र ने सोमवार को थाना इंदिरापुरम में मामले की शिकायत की। भूपेंद्र के अनुसार 15 जून को वे नाइजीरिया में रुके थे। इस दौरान उन्होंने पहली बार कार्ड से शॉपिंग की थी।
एसएचओ इंदिरापुरम राशिद अली ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला कार्ड क्लोनिंग का लग रहा है। मामले में की जांच की जा रही है। जांच में एंबेसी की भी मदद ली जाएगी।
नाइजीरिया में क्लोन किया गया एटीएम
पुलिस को शक है कि नाइजीरिया में शॉपिंग के दौरान उनका एटीएम क्लोन किया गया है। आए दिन ऑनलाइन ठगी के मामले आने के बाद भी गाजियाबाद पुलिस के पास इसकी जानकारी जुटाने को लेकर कोई संसाधन नहीं है। पुलिस मामलों की शिकायत तो लेती है मगर अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हुआ है।