उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित राजपुर रोड पर हादसा
पत्नी के साथ नोएडा से कचौरी खाने आया था कारोबारी
पार्क करते समय ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित राजपुर रोड पर मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर कचौरी की दुकान में घुस गई। हादसे में अरुणा आसफ अली अस्पताल के डॉक्टर समेत छह लोग कार की चपेट में आ गए। घायलों को अरुणा आसफ अली अस्पताल के अलावा पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टर कमलेश कुमार (32) समेत दो लोगों की टांग में फ्रेक्चर हुआ है। पुलिस ने डॉ. कमलेश के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक पराग मैनी (36) को गिरफ्तार कर लिया है।
पेशे से वकील और कारोबारी पराग परिवार के साथ नोएडा के सेक्टर-79 में रहते हैं। हादसे के समय वह पत्नी के साथ मशहूर फतेहचंद कचौरी शॉप पर कचौरी खाने के लिए आए थे। कार पार्क करते समय अचानक ब्रेक के बजाय एक्सीलेटर दबा दिया जिससे कार अनियंत्रित हो गई। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। टक्कर मारने के बाद कार चालक ने खुद ही कार पीछे की। बाद में मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।