राजघाट डिपो में कलस्टर बस की मरम्मत के दौरान जैक टूट जाने से बस के नीचे दबकर मिस्त्री की मौत हो गई। मरने वाले मिस्त्री की पहचान शाहदरा निवासी मुकेश (41) के रूप में हुई है। घटना के बाद नाराज कर्मचारियों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
हालांकि अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझा बुझाकर शांत करा दिया। दरियागंज थाना पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शाहदरा निवासी मुकेश नोएडा स्थित एटोनो रोलर ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड में कॉन्ट्रैक्ट पर मिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार सुबह मुकेश अपने सहयोगी हरिओम के साथ राजघाट बस डिपो में खराब कलस्टर बस की मरम्मत करने के लिए आया था।
मुकेश बस के नीचे जैक लगाकर काम कर रहा था, जबकि हरिओम बाहर से उसकी मदद कर रहा था। इसी दौरान बस में लगा जैक टूट गया और मुकेश बस के नीचे दब गया। हरिओम ने घटना की जानकारी डिपो में मौजूद कर्मचारियों और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकेश को बस के नीचे से निकाला और उसे उपचार के लिए लोक नायक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। हंगामा कर रहे कर्मचारियों को मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने शांत करवाया। पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। पुलिस के मुताबिक हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।