नोएडा के सेक्टर-71 चौराहे पर बृहस्पतिवार रात एक बेकाबू बस ने इंजीनियर को कुचल दिया। हादसे में इंजीनियर की मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी। बस की रफ्तार तेज थी और अनियंत्रित होकर उसने तीन वाहनों में टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक और परिचालक फरार हो गए।
बस (डीएल1पीबी-5478) ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर साइकिल को और फिर एक टाटा सूमो में जा भिड़ी। टक्कर से बाइक सवार दूर जा गिरा। उधर, साइकिल पर सेक्टर-70 निवासी अंकित (22) सवार था। मूल रूप से मुजफ्फरनगर के खतौली के रहने वाले अंकित ने हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी से बीटेक किया था। वह कुबेर इंडस्ट्री में ट्रेनी के रूप में काम कर रहा था।
हादसे में अंकित और बाइक सवार घायल हो गए। दोनों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अंकित को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंकित सड़क के किनारे साइकिल से जा रहा था, लेकिन रफ्तार तेज होने की वजह से बस अनियंत्रित हो गई थी।
इस हादसे के बाद सेक्टर-71 चौराहे पर गुस्साई भीड़ ने बस में लगा दी। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचती, बस पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक फरार हो गए। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
सिटी बस ने एक को रौंदा, मौत
गुड़गांव में बृहस्पतिवार को आईटीआई के सामने रोड पार करते वक्त सिटी बस ने एक व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया, जिसकी उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
सेक्टर-15 के पार्ट-दो स्थित निजी स्कूल में काम करने वाला राम विष्णु (34) साइकिल से जा रहा था। आईटीआई के गेट नंबर तीन के पास रोड पार करते वक्त सिटी बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों की भीड़ बढ़ती देख चालक मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया।
पुलिस ने बस नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया, लेकिन 24 घंटे बाद भी चालक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने पर उनका कहना है कि आरोपी की पहचान की जा रही है, जिसके बाद ही गिरफ्तारी संभव है।