हाईकोर्ट के कड़े रवैये को देख एमसीडी के सफाई कर्मचारियों ने अदालत को हड़ताल वापस लेने का आश्वासन दे दिया है। हालांकि कोर्ट से बाहर निकलते ही उन्होंने मात्र दो दिन के लिए हड़ताल स्थगित रखने का एलान किया।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि नगर निगम ने दो दिन में वेतन जारी होने का वादा किया है। इस कारण उन्होंने हड़ताल स्थगित कर दी है। अगर दो दिन में वेतन उनके बैंक खातों में नहीं पहुंचा तो वे बृहस्पतिवार से एक बार फिर हड़ताल पर चले जाएंगे।
हालांकि कर्मचारियों ने वेतन के साथ डीए व अन्य बकाया राशि का मुद्दा भी उठाया लेकिन अदालत ने स्पष्ट कर दिया कि हड़ताल तुरंत वापस लेने के बाद ही डीए व अन्य बकाया राशि के भुगतान पर सुनवाई की जाएगी।