क्वीन मूवी की एक्ट्रेस कंगना रनावत के जज्बे से महिला पत्रकार को हिम्मत मिली। मूवी में जिस तरह पैरिस में कंगना ने बदमाशों को पस्त किया था।
उसी तर्ज पर असल की जिंदगी में सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन जाते वक्त महिला पत्रकार ने बाइक सवार दो लुटेरों का जमकर सामना किया और उन्हें खदेड़ दिया। हालांकि इस दौरान लुटेरों ने किसी धारधार हथियार से पीड़िता पर हमला भी किया मगर वह बाल-बाल बच गई।
इस दौरान महिला पत्रकार की न तो पब्लिक ने मदद की और न ही पुलिस को घटना की भनक लगी। घटना से आहत और पुलिस के सिस्टम से परेशान महिला पत्रकार ने फेसबुक वॉल पर पूरी घटना को पोस्ट किया और अपनी व्यथा को दर्शाया।
दिल्ली निवासी सुनीता मिश्रा फिल्म सिटी स्थित एक अखबार के दफ्तर में कार्यरत हैं। वह इंटरटेनमेंट रिपोर्टर हैं। रविवार शाम साढ़े सात बजे वह ऑफिस से पैदल सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थी।
सेक्टर-3 स्थित एचसीएल ऑफिस के पास बाइकसवार दो बदमाश आए और उन्होंने सुनीता को घेर लिया। जब तक सुनीता कुछ समझ पाती तब तब बाइक पर बैठे पीछे बदमाश ने सुनीता के हाथ से उनका बैग लूटने का प्रयास किया।