एमसीडी चुनाव की सियासी बिसात बिछ गई है। सभी राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे को पटखनी देने की रणनीति तैयार कर रही है। भाजपा चौथी बार एमसीडी में वापसी के लिए जोर-आजमाइश में लगी है। प्रदेश भाजपा के ही नहीं, राष्ट्रीय नेता भी इस अभियान में जुटे हुए हैं। रणनीति के तहत भाजपा एक चक्रव्यूह रचकर आम आदमी पार्टी (आप) पर सीधा हमला कर रही है। आप इस बार भाजपा के लिए कितनी बड़ी चुनौती है। आइए जानते है प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता से। पेश है अमर उजाला संवाददाता नवनीत शरण से बातचीत के अंश...
सवाल:एमसीडी चुनाव में इस बार कितनी चुनौतीपूर्ण है भाजपा के लिए?
जवाब: एमसीडी चुनाव के हर दौर में भाजपा की सीधी टक्कर दिल्ली की सत्ता पर आसीन सियासी पार्टी से होती है। चाहे वह कांग्रेस पार्टी की सरकार रही हो। एमसीडी में हमेशा से दिल्ली वालों की पहली पसंद भाजपा ही रही है। चौथी बार भी भाजपा ही चुनाव जीतेगी।
सवाल: क्या रणनीति तैयार की गई है आप को पटखनी देने के लिए?
जवाब: आप के भ्रष्टाचार की पोल खुल चुकी है। दिल्ली की जनता जान चुकी है कि सरकार के सभी मंत्री व नेता आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे है। उनकी पार्टी के नेता ही पोल खोल रहे है। बिजली, पानी, प्रदूषण समेत हर मुद्दे पर सरकार बैक फुट पर दिखाई दे रही है।
सवाल: एमसीडी पर भी तो भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं?
जवाब: भाजपा का छोटा सा कार्यकर्ता भी अगर भ्रष्टाचार करता है तो उस पर कार्रवाई होती है। आप को देख लीजिए, सत्येंद्र जैन जेल में हैं, फिर भी उनका मंत्री पद बरकरार है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ कई जांच चल रहीं हैं। इसके बावजूद वह पद पर बने हुए है।
सवाल: कहा जा रहा है कि पूर्वांचलियों को ज्यादा सीट नहीं दी गई?
जवाब: ऐसा नहीं है। भाजपा ने 40-45 वार्ड में पूर्वांचलियों को प्रत्याशी बनाया है। पूर्वांचली अब दिल्ली में बड़ी ताकत है। 30 प्रतिशत सीट पर उनका प्रभाव है। सबसे बड़ी बात है कि पूर्वांचली नाराज होते तो आप पूर्वांचल मोर्चा क्यों भाजपा में शामिल होता।
सवाल: एमसीडी मे क्या सुधार लाएंगे अगर वापसी होती है तो?
उत्तर: बिल्डिंग बाय लॉज को बदलना तो डीडीए के हाथ में है, लेकिन व्यापारियों को कई छूट दी जाएगी। फैक्ट्री लाइसेंस में सहूलियत दी जाएगी। शालीमार बाग और शास्त्री नगर वार्ड की तरह ही दिल्ली के सभी वार्ड में 1 रुपया में भरपेट खाने की थाली दी जाएगी।
सवाल:क्या हिंदूवादी मुद्दे पर भी पार्टी प्रचार में उतरेगी?
जवाब: भाजपा की नीति यह है कि सबका साथ, सबका विकास। भाजपा अगर किसी को उज्जवला योजना का लाभ देती है, स्वास्थ्य का लाभ देती है या जहां झुग्गी वहीं मकान वाले फ्लैट की चाबी देती है तो इसमें जात-पात, ऊंच-नीच नहीं देखती।
सवाल: आधी आबादी को अपने पक्ष में करने की क्या नीति है?
जवाब: भाजपा चुनाव के दौरान 5000 छोटी मीटिंग महिलाओं के साथ करेगी। प्रदेश सह प्रभारी डॉ. अलका गुर्जर इंचार्ज हैं। दिल्ली सरकार में एक भी महिला मंत्री नहीं है। एमसीडी चुनाव में भाजपा ने सबसे अधिक महिलाओं को चुनाव में उतारा है।
सवाल:एमसीडी एकीकरण से क्या फायदा दिल्ली वालों को मिलेगा?
जवाब: एकीकरण से आर्थिक ढांचा मजबूत होगा। पूर्वी दिल्ली वालों को भी इससे राहत मिलेगी। 2012 के पहले कभी कोई दिक्कत नही हुई। क्योंकि अब समान रूप से सभी वार्ड को विकसित करने का मौका मिलेगा। मेयर की जिम्मेदारी भी बढ़ेगी।
सवाल: घोषणा पत्र कब तक आएगा?
जवाब: एक दो दिन में भाजपा अपना संकल्प पत्र पेश करेगी। भाजपा जो वादा करती है वह खोखली नहीं होती। आम आदमी पार्टी सिर्फ खोखले वादे करती है। बजट पेश करने के दौरान कई वादे करती है जो खोखले साबित होते है।