मेयर के एमसीडी स्कूल के निरीक्षण के दौरान भाजपाइयों ने किया विरोध
उत्तरी दिल्ली के सरस्वती विहार स्थित एमसीडी के स्कूल में बच्चों के लिए डेस्क लगाने की पहल का मेयर डा. शैली ओबरॉय के निरीक्षण करने के लिए आने पर जमकर बवाल हुआ। यहां भाजपा के कई पार्षदों व पूर्व पार्षद समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। उन्होंने मेयर वापस जाओ के नारे लगाए। उनका आरोप था कि मेयर के कार्यक्रम में भाजपा पार्षद को नहीं बुलाया गया। हालांकि मेयर ने स्कूल का निरीक्षण कर लिया था। इस दौरान उन्होंने कमरों में जाकर डेस्कों का मुआयना किया और बच्चों से बात भी की।
उन्होंने कहा कि एमसीडी के स्कूलों में अब बच्चों को जमीन पर नहीं बैठना पड़ेगा। सभी स्कूलों में डेस्क और चेयर लगाई जाएंगी। एमसीडी के 800 स्कूलों में डेस्क लगाने की शुरुआत हो चुकी है। स्कूलों में डेस्क-कुर्सी लगाने का काम अक्तूबर के पहले सप्ताह में पूर्ण हो जाएगा। दूसरी ओर भाजपाइयों नेे जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल के नेतृत्व में मेयर शैली ओबरॉय के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि स्कूल के निरीक्षण कार्यक्रम में भाजपा की स्थानीय पार्षद शिखा भारद्वाज को आमंत्रित नहीं किया गया। इस दौरान भाजपाइयों ने स्कूल में पहुंचकर मेयर वापस जाओ के नारे लगाए। वहीं, मेयर ने कहा कि एमसीडी में हो रहे ऐतिहासिक काम से भाजपा परेशान है। दिल्ली में केजरीवाल सरकार की तर्ज पर ही अब एमसीडी के स्कूलों को बनाने का काम शुरू हो गया है।