मसूरी थाना क्षेत्र के गांव नाहल में पशुओं का अपशिष्ट व मृत पशुओं का मांस खाकर गांव के कुत्ते हिंसक हो रहे हैं। कुत्तों के आतंक से खौफजदा बच्चे और बड़े हैं। घर से बाहर निकलते ही कुत्ते हमले कर रहे हैं। शनिवार सुबह गांव के मंडी मढैय्या मोहल्ले में छठी कक्षा के छात्र समेत चार युवकों को आवारा कुत्तों ने अपना निशाना बनाकर घायल कर दिया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना व निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीटीबी रेफर कर दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना में रोजाना 40-50 घायलों को एआरवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आवारा कुत्तों ने गांव के मंडी मढैय्या मोहल्ले निवासी अकरम (40) पुत्र फजर मुहम्मद के कंधे में तथा छठी कक्षा के छात्र रेहान पुत्र इमरान को घर के बाहर कुत्तों ने छात्र के गाल पर काटकर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर छात्र के परिजनों ने कुत्तों से छात्र को बचाया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना ले गये, जहां चिकित्सक ने छात्र को टीटी इंजेक्शन और एन्टी रेबीज वैक्सीन की प्रथम डोज लगाकर छात्र को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, अकरम को भी घर के बाहर दुकान पर जाते हुए कुत्ते ने कमर पर काटकर घायल कर दिया। अकरम को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने इन्हें भी प्रथम एआरवी की डोज लगाई और जीटीबी अस्पताल के लिये रेफर कर दिया। वहीं, मोहल्ला खाकीयान निवासी हसीन (13) पुत्र जाकिर उर्फ भूरे को घर के बाहर कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे हसीन के ओंठ काटकर घायल कर दिया। जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने टीटी इंजेक्शन व एआरवी की डोज लगाई तथा हसीन को जीटीबी रेफर कर दिया।
वहीं, अनीस (24) पुत्र रईस निवासी मोहल्ला खाकीयान के कंधे में कुत्ते ने काट लिया तथा मोहल्ला खाकीयान निवासी शहरान (8) पुत्र गुररन को भी कुत्तों ने अपना निशाना बनाकर बच्चे के कंधे और कमर पर काटकर घायल कर दिया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना इलाज के लिये ले गये, जहां बच्चे को टीटी व एआरवी की डोज लगाई गई। डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. प्रीति पाल ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर रोजाना 40-50 एन्टी रेबीज वैक्सीन लगाये जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों ने एक शिकायती पत्र थाना प्रभारी को देकर कुछ लोगों पर आरोप लगाया है कि कुछ लोग पशुओं की अवैध कट्टी कर पशुओं का अपशिष्ट खुलेआम कूड़े पर डाल देते हैं, जिन्हें खाकर कुत्ते खूंखार हो रहे हैं और लोगों पर हिसंक होकर हमला कर रहे हैं।
पशुओं के अपशिष्ट को गड्ढों में दबाया जाये और खुले में न डाला जाये। शिकायती पत्र पर मुहम्मद असलम, शहजाद, शकील अहमद, जफर मुहम्मद मेम्बर, मुकर्रम अली, फरमान तथा इकरार अली आदि के हस्ताक्षर हैं। ग्राम प्रधान तसव्वर अली ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिये जिलाधिकारी को पत्र देकर आवारा कुत्तों को पकड़वाया जायेगा।