दिल्ली पुलिस ने आईपीएल के फाइनल मैच में सट्टा लगाने के आरोप में अलग-अलग दो जगहों से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने रोहिणी स्थित पांच सितारा होटल क्राउन प्लाजा में छापा मारकर नौ लोगों को दबोचा है।
उनके पास से भारी मात्रा में सट्टा लगाने में इस्तेमाल सामान बरामद हुआ है। वहीं शकरपुर थाना क्षेत्र में महिला आईपीएस अधिकारी ने एक फ्लैट पर छापा मारकर गनीपुरा, रोहतक निवासी सुनील (44) और शामली, यूपी निवासी परवेज (38) को दबोचा है। इनके पास से 77 मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस पकड़े गए सभी 11 लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
सट्टा रैकट नंबर-1
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि रिठाला, रोहिणी स्थित पांच सितारा होटल क्रॉउन प्लाजा में कुनाल मुगलानी, सुमित कालरा और जितेंदर व अन्य सट्टा रैकेट चला रहे हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने पांच सितारा होटल में छापा मारकर कुनाल मुगलानी (31), जितेंदर कुमार उर्फ जीतू (33), सुमित कालरा उर्फ सन्नी (32), नितिन हरजानी (38), निखिल गोडवानी (23), अमित कुमार ढींगरा (32), सुमित शर्मा (32), राजेश जैन (46) और नवीन कुमार (29) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि यह फोन पर आईपीएल मैच में हर बाल व ओवर पर सट्टा बुक कर रहे थे। इनके पास से 10 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, दो लैंडलाइन फोन व अन्य सट्टा लगाने में इस्तेमाल सामान बरामद किया है। आरोपियों ने पांच सितारा होटल में कमरा किराए पर लिया हुआ था। यहीं से वह अपने साथियों की मदद से सट्टा बुक कर रहे थे।