'राम हमारे लिए राजनीति का मुद्दा नहीं'
उत्तराखंड भाजपा नेता नेहा जोशी ने कहा कि उनकी पार्टी के लिए राम चुनावी मुद्दा नहीं हैं। वे हमारे आदर्श हैं और राष्ट्रवाद भाजपा के हर कार्यकर्ता के खून में बहता है। यही कारण है कि भाजपा की हर सोच, हर कार्यक्रम में राष्ट्रवाद दिखाई पड़ता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को यह पता है कि भाजपा के कारण अब पूरे देश में राष्ट्रवाद की राजनीति का समय आ गया है, इसीलिए अयोध्या में राममंदिर की जगह अस्पताल बनवाने की सलाह देने वाले आम आदमी पार्टी नेता अब राष्ट्रवाद और हिंदुत्व का राग अलापते देखे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को पता है कि यहां की जनता धर्मपरायण है। यही कारण है कि आम आदमी पार्टी को यहां अपना सेकुलर चोला उतारना पड़ा है और हिंदुओं की बात करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को इस बात का जवाब देना चाहिए कि वह दिल्ली में मौलानाओं को प्रति माह वेतन क्यों देती है और इससे हिंदू मंदिरों के पुजारियों को वंचित क्यों रखा है?
नेहा जोशी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में अमानतु्ल्लाह खान और दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को बचाती है और उसके नेता इन्हीं दंगों में जलाकर मारे गए दिलबर नेगी के घर आज तक नहीं गए। उत्तराखंड की जनता इस सच को जानती है और यहां उनकी राजनीति सफल नहीं होगी।
शिक्षा-स्वास्थ्य ही हमारी प्राथमिकता
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल की राजनीति में जनता का हित ही सर्वोपरि है। आम आदमी पार्टी केवल शिक्षा-स्वास्थ्य और रोजगार की ही राजनीति करती है। दिल्ली की राजनीति इस बात का प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी लोगों के शिक्षा-स्वास्थ्य को ही सबसे ऊपर रखती है और दिल्ली सरकार अपने राज्य के हर नागरिक का ध्यान रखती है। इसमें वह धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करती। उन्होंने कहा कि भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति का पर्दाफाश हो गया है।
मंगलवार को अयोध्या में तिरंगा यात्रा निकालते हुए आप सांसद ने कहा कि वे पूरे उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर यह यात्रा निकाल रहे हैं। इस तिरंगे के नीचे सभी भारतीय होते हैं। इसके नीचे किसी की कोई अलग धार्मिक पहचान नहीं होती, यहां सभी केवल भारतीय होते हैं और आम आदमी पार्टी सबके हितों को पूरा करने वाली राजनीति करती है। यह इस बात का भी प्रमाण है कि आम आदमी पार्टी किसी धर्म-जाति विशेष की राजनीति नहीं करती।