कोर्ट के बाहर आत्मदाह की कोशिश
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा जिला न्यायालय के गेट नंबर-दो के बाहर बुधवार को एक युवती ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की। आसपास के लोगों व पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए युवती को बचा लिया। इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि पुलिस व अधिवक्ता से नाराज होकर यह कदम उठाया है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, वकील पर आरोपी से मिलीभगत का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, खुद को आग लगाने की कोशिश करने वाली युवती का बदायूं निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी युवक उसके जीजा का रिश्तेदार है। शादी का वादा कर शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी करने से मुकर गया। आरोपी युवक किसी और से शादी करने वाला है। पीड़िता को इसकी जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दो माह से पुलिस के चक्कर लगा रही है। पुलिस द्वारा सुनवाई न करने पर वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
आरोप है कि वकील आए दिन कभी हड़ताल होने तो कभी जज के छुट्टी होने की बात कहकर पीड़िता को टाल देता था। बुधवार को भी युवती कोर्ट पहुंची थी, लेकिन वकील ने कहा कि हड़ताल हो गई। इससे युवती अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाई और नाराज होकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बीच युवती ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की। आरोप है कि युवती ने छुछ तेल पी भी लिया था। मगर, इस दौरान पुलिस और अन्य लोगों ने हिम्मत करके युवती को पकड़कर थाने ले गए और आग लगाने से पहले ही रोक लिया।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा सुनीति ने बताया कि युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ अदालत के आदेश पर अपने प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए याचिका दायर कर रखी है। वकील पर आरोपी से मिलीभगत का आरोप है। पीड़िता थाने गई थी, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है। मामले की जांच की जाएगी। मामला अदालत में है, इसलिए ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।