सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी की कैंटीन में काम करने वाला शख्स दिल का दौरा पड़ने के बाद सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन जनता ने उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद जब मौके पर पुलिस पहुंची तब तक उसने दम तोड़ दिया था। मूल रूप से अल्मोड़ा उत्तराखंड निवासी कैलाश शर्मा (30) सेक्टर-63 स्थित सी ब्लॉक में एक कंपनी की कैंटीन में काम करते थे।
दोपहर करीब 12.30 बजे वह कंपनी के बाहर निकल कर सिगरेट पी रहे थे, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वह जमीन पर गिर पड़े। वह तड़पते रहे।
पब्लिक में से किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर फेस-3 थाने की पीसीआर वैन पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सरकारी एंबुलेंस को कॉल किया लेकिन तब काफी देर हो चुकी थी और कैलाश दम तोड़ चुके थे।
फेस-3 थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि कैलाश के परिजनों को शव सौंप दिया है। शायद कैलाश को सही वक्त पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी।