दिल्ली पुलिस के एक हवलदार ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवक के सिर के अलग हुए हिस्से को समय रहते मूलचंद अस्पताल पहुंचा दिया।
दुर्घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने सर्जरी कर इसे पीड़ित के सिर में वापस जोड़ दिया। पूरे मामले को केस डायरी में दर्ज किया गया है। युवक अब पूरी तरह स्वस्थ है। शुक्रवार को मूलचंद अस्पताल से उसे छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक डबल स्टोरी, लाजपत नगर निवासी राजेश शर्मा (32), 14 अक्तूबर की रात अपने भाई व एक अन्य रिश्तेदार के साथ कालकाजी मंदिर से स्कूटर से घर लौट रहा था।
राजेश स्कूटर चला रहा था। दयानंद कॉलोनी गुरुद्वारे के पास क्रॉसिंग पर उसके स्कूटर को आई-10 कार ने टक्कर मार दी। टक्कर से राजेश उछल कर कार के सामने वाले शीशे से सिर के बल जा टकराया।
इससे कार का शीशा टूट गया और राजेश के सिर की दाईं तरफ से एक हिस्सा (पूरे सिर का पांचवां हिस्सा, करीब चार इंच मोटा और चार इंच चौड़ा) अलग होकर कार पर गिर गया।