कोटला मुबारकपुर में एक युवक ने अपनी नौकरी लगने की खुशी में बैंड बजवाया, तो उसके भाइयों ने उसे पीट दिया। घायल युवक को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांव खैरपुर, कोटला मुबारकपुर में रहने वाला कपिल (33) प्रॉपर्टी डीलर है। परिवार में पिता मवासी लाल व दो बड़े भाई सचिन व अजय हैं। दोनों भाई शादीशुदा हैं। कपिल बृहस्पतिवार रात 11 बजे घर पहुंचा था। उसी समय कुछ बैंडबाजे वाले जा रहे थे। कपिल ने उनसे कहा कि उसकी नौकरी लगने वाली है और वह खुश है। इस खुशी में वह बैंड बजा दें। इस पर उसके भाइयों को गुस्सा आ गया और पिटाई कर दी।
किसी तरह वह भाइयों के चुंगल से निकला और पुलिस को सूचना दी। पीसीआर वैन ने उसे एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित कपिल ने घटना के समय शराब पी रखी थी।