नोएडा सेक्टर-52 में रहने वाले एक शख्स ने रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह लुधियाना जेल से 20 साल की सजा काटकर हाल ही में बाहर आया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस को सोमवार सुबह सूचना मिली कि सेक्टर-52 में शालू उर्फ सल्लू (40) ने अपने घर पर कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जब इस बारे में परिजनों से जानकारी की, तब पता चला कि शालू हत्या के एक मामले में 20 साल की सजा काटकर लुधियाना जेल से हाल में ही लौटा था। लुधियाना, पंजाब में हुए एक हत्याकांड में 20 साल की सजा शालू को हुई थी।
परिजनों ने बताया कि वह 20 साल से जेल में बंद था और दस दिन पहले ही उसकी रिहाई हुई थी। जेल से आने के बाद वह डिप्रेशन में रहने लगा था। वह आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से कम ही बात कर रहा था। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि अभी आत्महत्या के कारणों के बारे में कुछ पता नहीं चला है। इस संबंध में पुलिस ने मृतक के घर के सदस्यों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। शालू की मौत के बाद उसके घरवालों के बीच मातम पसरा हुआ है।