फेसबुक पर किसी अनजान शख्स से दोस्ती करने से पहले थोड़ा संभलकर रहें। पुलिस के सामने आए ऐसे ही मामले में फेसबुक पर हुई एक युवक से दोस्ती छात्रा को इतनी भारी पड़ी। गुड़गांव में युवक ने फेसबुक पर दोस्ती के नाम पर उसके मोबाइल नंबर ले लिए जिसके बाद उसे अश्लील मैसेज भेजने लगा। कई बार अनदेखा करने के बाद भी जब युवक नहीं माना तो छात्रा ने पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा गुड़गांव के एक कॉलेज में बीए की छात्रा है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले फेसबुक के माध्यम से पंजाब निवासी बिट्टू नामक युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। कई दिनों तक बात करने पर युवक ने उसके मोबाइल नंबर मांगे।
उसने उसे अच्छे दोस्त के हैसियत से नंबर दे दिए। इस पर वह उसके मोबाइल व्हॉट्स एप पर मैसेज करने लगा। शुरू-शुरू में उसके मैसेज को युवती से अनदेखा किया इस पर युवक लगातार उसे मैसेज करने लगा। छात्रा का आरोप है कि युवक उसे अश्लील मैसेज करने लगा।
इस पर जब उसने विरोध किया तो भी वह माना नहीं और उसे मैसेज कर परेशान करने लगा। बाद में युवती ने पुलिस से शिकायत की। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। बादशाहपुर थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान निकाली जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।